नगर पंचायत इमलीखेड़ा में कौशिक पब्लिक स्कूल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को ट्रॉफी व मेडल देकर किया सम्मानित बीजेपी सरकार महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी

0

इमलीखेड़ा, हरिद्वार। नगर पंचायत इमलीखेड़ा स्थित कौशिक पब्लिक स्कूल में प्रथम हरिद्वार जिला स्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंची टीमों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के जोश और रोमांचक मुकाबलों ने खेलप्रेमियों का खूब उत्साह बढ़ाया।चैंपियनशिप में बालक वर्ग की 10 टीमों तथा बालिका वर्ग की 6 टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले। बालक वर्ग में शेरपुर-खेलपुर क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दून पब्लिक स्कूल रुड़की ने द्वितीय तथा स्नो व्हाइट पब्लिक स्कूल गुरुकुल नासन ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में कौशिक पब्लिक स्कूल इमलीखेड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। दून पब्लिक स्कूल रुड़की द्वितीय तथा हरिओम सरस्वती स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रोमा सैनी ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान करने के साथ मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। हरिद्वार शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 12 बालक एवं 12 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शूटिंग बॉल चयन कैंप में प्रतिभाग करेंगे, जहां उनके प्रदर्शन के आधार पर राज्य टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जिले के स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। शूटिंग बॉल खेल को गांव-गांव और स्कूल स्तर तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि रोमा सैनी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होने से कलियर विधानसभा सहित पूरे हरिद्वार जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर शूटिंग बॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं उत्तराखंड के वरिष्ठ खिलाड़ी संजय चौधरी, युवा भाजपा नेता योगी रोड, कौशिक पब्लिक स्कूल रुड़की की डायरेक्टर कनिका कौशिक, प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल, हरिद्वार शूटिंग बॉल एसोसिएशन के महासचिव रिशु, शूटिंग बॉल विश्व कप के रजत पदक विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी, विश्व कप रजत पदक विजेता नवनीत कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सैम अली, रेफरी आसिफ, कनिका सैनी, ऑर्गनाइजर रामवीर, मोनिश तथा उत्तराखंड सोशल मीडिया प्रभारी रिहान सहित अनेक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने नगर पंचायत इमलीखेड़ा में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का रूप लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed