सुमननगर में जलभराव से राहत के लिए प्रशासन ने झोंकी पूरी ताकत, लाखों लीटर पानी की निकासी

हरिद्वार ( अनुज धीमान) 04 सितंबर 2026। बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं जल निकासी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विभिन्न विभागों की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि बारिश के बाद जलभराव की शिकायतें सामने आते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद जलभराव वाले क्षेत्रों से जल्द से जल्द पानी निकालने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशासन की संयुक्त टीमें जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ समेत अन्य विभागों के सहयोग से अभियान चला रही हैं। जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी मशीनों को मौके पर लगाया गया है।
सक्शन मशीनों से जमा पानी को बाहर निकाला जा रहा है, जबकि पंप सेटों के माध्यम से लगातार पानी की निकासी की जा रही है। वहीं जेसीबी मशीनों की मदद से नालियों की सफाई और आवश्यक स्थानों पर खुदाई कर पानी की निकासी के रास्ते खोले जा रहे हैं।

सुमननगर की गली संख्या 3 और 4 में विशेष अभियान चलाकर पंप सेट लगाए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक अब तक पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है। इसके अलावा शिविर के माध्यम से लगभग 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की गई है।
प्रशासन का कहना है कि जल निकासी का काम अभी भी लगातार जारी है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों की टीमें मौके पर रहकर हालात की निगरानी कर रही हैं तथा नागरिकों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए विभागों के बीच समन्वय से कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक राहत और जल निकासी अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल होने तक आवश्यक कार्रवाई और निगरानी लगातार जारी रहेगी